अब कलर्स पर भी ‘रामायण’

 

- कृतार्थ सरदाना 

पिछले वर्ष लॉकडाउन में जब दूरदर्शन ने रामानंद सागर की रामायण का प्रसारण किया तो दर्शकों ने इसे बहुत चाव से देखा। रामायण ने दूरदर्शन पर अपने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ टीआरपी में इतिहास रच दिया। यह सब देख निजी चैनलों ने भी पहले स्टार प्लस और फिर स्टार भारत ने रामायण का प्रसारण किया। अब जब इस वर्ष फिर देश के कई राज्यों में लॉकडाउन लगा हुआ है तो एक बार फिर रामायण का प्रसारण चल रहा है। स्टार भारत तो रामायण का प्रसारण पूरा कर अब उत्तर रामायण और महाभारत का प्रसारण दिखा रहा है। 

उधर कलर्स चैनल ने भी अब हर रोज़ शाम साढ़े 5 बजे का समय रामायण को दे दिया है। बड़ी बात यह है कि रामायण की कहानी सब जानते हुए भी इसे बार बार देखना पसंद करते हैं। इसमें दर्शकों की भगवान राम के प्रति आस्था तो है ही फिर सागर ने इसका निर्माण बहुत ही सुंदर ढंग से किया। साथ ही अरुण गोविल, दीपिका चिकलिया, सुनील लहरी, दारा सिंह,ललिता पवार, अपराजिता भूषण और अरविंद त्रिवेदी जैसे कलाकारों ने रामायण सीरियल को कालजयी बना दिया। इधर इसमें भी कोई शक नहीं कि कोरोना के इस विपदा काल में रामायण देखने से सकारात्मकता के साथ नयी ऊर्जा भी मिलती है।