आदेश गुप्ता बने दिल्ली भाजपा के नए अध्यक्ष, जानिए इनके बारे में


कृतार्थ सरदाना


विशेष संवाददाता, पुनर्वास


नयी दिल्ली, 2 जून। दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के रूप में अब मनोज तिवारी के स्थान पर आदेश कुमार गुप्ता की नियुक्ति कर दी गई है। श्री गुप्ता दिल्ली के पटेल नगर से भाजपा के पार्षद हैं।


29 जनवरी 1969 को उत्तर प्रदेश के कन्नौज में जन्मे आदेश कुमार गुप्ता की शुरुआती पढ़ाई भी वहीं हुई। बाद में बीएससी करने के लिए वह कानपुर चले गए। जहां कानपुर के छत्रपति शाहुजी महाराज विश्वविद्यालय से आदेश गुप्ता विज्ञान स्नातक बने।


अपनी पढ़ाई के दौरान ही आदेश गुप्ता जून 1986 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड़ड़ा से भी आदेश के विद्यार्थी परिषद के समय से ही मधुर संबंध रहे हैं। बाद में आदेश गुप्ता भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़ गए। जहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न चुनावों में इन्होंने विभिन्न दायित्वों को संभालकर अपनी विशेष पहचान बनाई।



उसके बाद सन 1995 में आदेश गुप्ता कन्नौज से दिल्ली आकार बस गए। तब से यह पहले भाजपा युवा मोर्चा और फिर भाजपा में यह विभिन्न जिम्मेदारियाँ संभालते आ रहे हैं। सन 2001 से 2004 तक यह गोवा के युवा मोर्चा प्रभारी भी रहे।


व्यापारिक घराने से जुड़े आदेश गुप्ता के पिता शंभू दयाल गुप्ता भी भाजपा में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। जबकि इनके दादा जी स्वर्गीय श्रीगोपाल गुप्ता स्वतन्त्रता सेनानी थे।


सन 2017 में जब दिल्ली में नगर निगम के पिछले चुनाव हुए तो भाजपा ने आदेश कुमार को पटेल नगर से अपना प्रत्याशी बनाया था। आदेश सन 2009 से 2014 तक पश्चिमी पटेल नगर के मण्डल अध्यक्ष भी रह चुके थे। इसलिए क्षेत्र में इनकी अच्छी ख़ासी पकड़ थी। इसी के चलते आदेश गुप्ता ने पटेल नगर से विजय प्राप्त की।



पार्षद बनने के बाद आदेश जहां एक ओर उत्तरी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के सदस्य चुने गए वहाँ 27 अप्रैल 2018 को यह उत्तरी दिल्ली के महापौर भी निर्वाचित हो गए। उनकी सफलता की इस यात्रा में दिल्ली प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनना उनकी नयी उपलब्धि है।


असल में जब गत फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार हुई तो तभी यह साफ हो गया था की दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को अब बदल दिया जाएगा। स्वयं मनोज तिवारी ने भी अपने इस्तीफे की पेशकश पार्टी को कर दी थी। लेकिन तब पार्टी ने तिवारी को पद पर बने रहने के लिए कहा।


उसके बाद कोरोना वायरस के कारण पार्टी में बदलाव का काम ठहर गया। इधर मनोज तिवारी ने बतौर अध्यक्ष और सांसद कोरोना काल में बहुत अच्छा काम किया। लोगों को राशन पहुंचाने या भोजन वितरण का काम हो या दिल्ली में कोरोना से राहत और बचाव के अन्य कार्य सभी में उन्होंने अच्छी ज़िम्मेदारी निभाई। लेकिन यह बदलाव तो होना ही था।


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड़ड़ा ने दिल्ली प्रदेश के साथ छतीसगढ़ और मणिपुर के प्रदेश अध्यक्षों को भी बदल दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय को नियुक्त किया गया है। वहाँ मणिपुर में प्रोफेसर एस टिकेन्द्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।