‘महाभारत’ तीन चैनल पर एक साथ


फ़िल्मकार बी आर चोपड़ा और रवि चोपड़ा द्वारा निर्मित निर्देशित ‘महाभारत’ की हाल ही में दूरदर्शन के डीड़ी भारती चैनल से बिदाई हुई है। जहां ‘महाभारत’ ने खूब धूम मचाई। जो डीडी भारती चैनल बरसों से गुमनामी में जी रहा था वह चैनल ‘महाभारत’ के कारण नयी उड़ान भरकर शिखर के 4 मनोरंजन चैनल्स में शामिल हो गया। पहली बार सन 1987 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए ‘रामायण’ और 1989 में प्रसारित हुए ‘महाभारत’ ने अपने इस बार के पुनर्प्रसारण में लोकप्रियता का जो इतिहास रचा है, उससे सभी हतप्रद हैं। अब ‘महाभारत’ एक और नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा  है। वह यह कि ‘महाभारत’ अब एक साथ तीन चैनल्स पर फिर से दिखाया जा रहा है। ‘महाभारत’ को दूरदर्शन ने अपने डीडी रेट्रो पर तो शुरू कर ही दिया था। उधर यह कलर्स पर भी सोमवार से रविवार शाम 7 से 9 बजे के समय में शुरू हो चुका है। इन दो चैनल्स के साथ अब स्टार भारत ने भी अब हर रोज रात 8 बजे का प्रसारण समय ‘महाभारत’ को दे दिया है। एक चैनल पर प्रसारण के तुरंत बाद तीन चैनल पर एक साथ ‘महाभारत’ का फिर से प्रसारण निश्चय ही बड़ी घटना है। रूपा गांगुली, गिरिजा शंकर, गजेन्द्र चौहान, मुकेश खन्ना, फिरोज खान, पुनीत इस्सर, रेणुका इसरानी, सुरेन्द्र पाल, गुफ़ी पैंटल, आलोका मुखर्जी, सागर सलूंके, मयूर और नितीश भारद्वाज जैसे कलाकारों के अभिनय से सजा ‘महाभारत’ भारत का एक ऐसा महाकाव्य है जो हर युग में लोकप्रिय हुआ है। लेकिन इसके प्रति एक साथ इतने चैनल्स का मोह सभी को चौंका रहा है। अब यह देखना दिलचस्प रहेगा कि ‘महाभारत’ को अब कितनी लोकप्रियता मिलती है।