दस अवतार दिखाएगा ‘विष्णु पुराण’


इन दिनों पुराने सीरियल दिखाने का जो नया प्रचलन शुरू हुआ है उसमें अब बारी है ‘विष्णु पुराण’ की। ‘विष्णु पुराण’ का प्रसारण डीडी भारती पर 14 मई से शाम 7 बजे के समय में आरंभ होगा। जिसमें भगवान विष्णु के दस अवतारों को दिखाया जाएगा। इस सीरियल का निर्माण ‘महाभारत’ सीरियल बनाने वाले बी आर टीवी ने किया था। सीरियल का निर्देशन बीआर चोपड़ा के पुत्र रवि चोपड़ा ने किया था। अफसोस अब ये दोनों इस दुनिया में नहीं हैं। ‘विष्णु पुराण’ का पहला प्रसारण जनवरी 2000 में ज़ी टीवी पर हुआ था। इसके कुल 126 एपिसोड हैं। सीरियल में विष्णु और उनके अवतारों की भूमिका नितीश भारद्वाज ने की है। नितीश ‘महाभारत’ सीरियल में श्रीकृष्ण की भूमिका से सुर्खियों में आए थे। जबकि लक्ष्मी की भूमिका वैदेही ने की है। दिलचस्प यह है कि ‘रामायण’ और ‘महाभारात’ में हनुमान की भूमिका जहां दारा सिंह ने की थी। वहाँ ‘विष्णु पुराण’ में उनके पुत्र विंदु दारा सिंह हनुमान बने हैं। इनके अलावा ‘विष्णु पुराण’ में टीवी के बहुत से चर्चित और लोकप्रिय कलाकार हैं। जैसे श्वेता तिवारी, सुधा चंद्रन, सुरेन्द्र पाल, समीर धर्माधिकारी, रीना कपूर, ऋषभ शुक्ला, शालिनी कपूर, टीना घई, श्रुति उल्फ़त, समर जय सिंह और सुधीर दलवी।