पुरुषों को कोसेंगी महिलाएं


कुछ समय पहले जब ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज’ वेब सीरीज का प्रसारण अमेज़न ओरिजनल पर हुआ तो इसे पसंद किया गया था। इसीलिए अब पिछले कुछ समय से यह सवाल भी आ रहा था कि इसका नया सीजन कब आएगा। सो अब अमेज़न ने बताया है कि ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज’ का दूसरा सीजन 17 अप्रैल से शुरू होगा। असल में यह सीरीज चार ऐसी महिलाओं पर आधारित है जो अपनी चाल ढाल, रंग ढंग और अंदाज़ में अलग हैं। साथ ही इन चारों का व्यक्तित्व भी अलग है। लेकिन इस सबके बावजूद अब जहां उनकी दोस्ती गहरी हो रही है वहाँ वे अब अपनी अपनी कमजोरियाँ भी स्वीकारने लगी हैं। असल में यह सीरीज आज की महिलाओं के सामने आने वाली हल्की फुल्की परेशानियों के साथ उनकी जटिल समस्याओं को भी दिखाती है। दिलचस्प यह भी है कि महिलाओं द्वारा महिलाओं की ज़िंदगी पर बनाई इस सीरीज में महिलाएं पुरुषों को भी दिल खोलकर कोसती हैं। इस सीरीज में कीर्ति कुल्हारी, सयानी गुप्ता, बानी जे , मानवी गगरु चार महिलाओं की प्रमुख भूमिकाओं में हैं। जबकि उनके साथ मिलिंद सोमन, प्रतीक बब्बर, लिसा रे, साइमन सिंह, नील भूपलम और अमृता पुरी अन्य विशेष भूमिकाओं में हैं।