दूरदर्शन पर ‘श्रीकृष्ण’ 3 मई से


दूरदर्शन के लिए लॉकडाउन एक वरदान साबित हुआ है। जो दूरदर्शन बरसों से टॉप -15 चैनल में अपनी जगह नहीं बना पा रहा था वह अब सभी मनोरंजन चैनल्स को पछाड़कर शिखर पर पहुँच गया है। ज़ाहिर है दूरदर्शन की इस सफलता में उसके पुराने सीरियल ‘रामायण’ और ‘महाभारत’ की अहम भूमिका है। यह देखते हुए दूरदर्शन ने ‘रामायण’ के बाद रामानन्द सागर के ‘उत्तर रामायण’ को शुरू कर दिया है। ‘उत्तर रामायण’ को भी अच्छी सफलता मिल रही है। इससे उत्साहित हो दूरदर्शन अब सागर के एक और सीरियल ‘श्रीकृष्ण’ को भी 3 मई में रात बजे 9 बजे शुरू करने जा रहा है। ‘श्रीकृष्ण’ का पहला प्रसारण दूरदर्शन पर 1993 में हुआ था। इसमें किशोर कृष्ण की भूमिका में वही स्वप्निल जोशी हैं जो इन दिनों ‘उत्तर रामायण’ में कुश की भूमिका कर रहे हैं। जबकि वयस्क कृष्ण की भूमिका सर्वदमन बनर्जी ने की है। रेश्मा मोदी, पिंकी पारिख, दीपक देओलकर, शानवाज़ प्रधान और विजय कवीश अन्य प्रमुख कलाकारों में से हैं।