दूरदर्शन पर अब ‘उत्तर रामायण’


हाल ही में दूरदर्शन देश के तमाम टीवी चैनल्स को पीछे खदेड़ कर देश का नंबर वन चैनल बन गया है। जिससे बड़े बड़े मशहूर मनोरंजन चैनल्स ज़ी टीवी, कलर्स, स्टार प्लस, सब टीवी और सोनी टीवी सहित सभी हाथ मलते रह गए हैं। जो दूरदर्शन पिछले करीब 10 बरसों से टॉप 10 में भी अपनी जगह नहीं बना पा रहा था, वह एक ही सप्ताह में शिखर पर पहुँच गया। यह चमत्कार हुआ रामजी की कृपा से। जी हाँ ‘रामायण’ सीरियल के पुनर्प्रसारण को करोड़ों लोगों के देखने से दूरदर्शन टीआरपी में सभी से आगे निकल गया। इससे दूरदर्शन और सूचना प्रसारण मंत्रालय बहुत खुश है। हालांकि ‘रामायण’ का प्रसारण तो अब जल्द समाप्त हो जाएगा। लेकिन ‘रामायण’ के तुरंत बाद उसकी जगह, उसी समय में ‘उत्तर रामायण’ का प्रसारण शुरू करने की योजना बनाई गयी है। इस संबंध में जब हमने दूरदर्शन के अतिरिक्त महानिदेशक पी के सुभाष से बात की तो उन्होंने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, ‘रामायण’ कथा को आगे बढ़ाते हुए हमने ‘उत्तर रामायण’ को दिखाने का फैसला किया है। ‘उत्तर रामायण’ को ‘लव कुश’ के नाम से भी जाना जाता है।“ इसका निर्माण भी रामानन्द सागर ने किया था। इस लव कुश गाथा के 39 एपिसोड हैं। इससे लॉकडाउन के इस नए चरण में 3 मई तक इसका प्रसारण सुगमता से होता रहेगा। बता दें कि इसमें ‘रामायण’ के ही समस्त कलाकार अपनी पूर्ववत भूमिकाओं में रहेंगे। संगीत भी रवीन्द्र जैन का ही है। जबकि लव की भूमिका स्वप्निल जोशी और कुश की भूमिका मयूरेश ने की है।