मुंबई दूरदर्शन की शैलेश श्रीवास्तव को अकादमी पुरस्कार

               


 मुंबई दूरदर्शन की शैलेश श्रीवास्तव को अकादमी पुरस्कार


- प्रदीप सरदाना 


मुंबई दूरदर्शन की वरिष्ठ प्रसारण कर्ता और जानी मानी लोक गीत गायिका डॉ शैलेश श्रीवास्तव को हाल ही में प्रतिष्ठित ‘उत्तर प्रदेश संगीत नाटक’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शैलेश को यह सम्मान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने लखनऊ में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया।


पंडित राजन-साजन मिश्रा द्वारा प्रशिक्षित और जाने माने साहित्यकार लल्लन बी ए की सुपुत्री शैलेश, आकाशवाणी के साथ दिल्ली और मुंबई दूरदर्शन के लिए कई उल्लेखनीय कार्यक्रमों का निर्माण- निर्देशन कर चुकी हैं। साथ ही उन्होंने खय्याम और हिमेश रेशमिया जैसे संगीतकारों के निर्देशन में, कुछ फिल्मों के साथ सीरियल और टीवी विज्ञापनों में गीत गाकर भी अपनी प्रतिभा को दर्शाया है।



राष्ट्रपति भवन के उत्सवों से लेकर कई प्रसिद्द संगीत महोत्सवों का हिस्सा रहीं शैलेश श्रीवास्तव के निर्देशन में, दूरदर्शन के गीतों के कार्यक्रम ‘रंगोली’ ने भी लोकप्रियता के नए आयाम बनाए। शैलेश कहती हैं- ‘’उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी जैसा बड़ा सम्मान लोक गायकी और भोजपुरी भाषा में किए गए मेरे उल्लेखनीय योगदान और दूरदर्शन के लिए बनाए गए मेरे अच्छे कार्यक्रमों का प्रतिफल है। मेरा भरपूर प्रयास रहेगा कि भोजपुरी और लोकगीतों के उत्थान के कार्यों की मेरी यह यात्रा, भविष्य में भी यूं ही अविरल जारी रहे। साथ ही दूरदर्शन के लिए भी मैं नित अच्छे, उद्देश्यपूर्ण और प्रेरणा दायक कार्यक्रमों का निर्माण करती रहूँ।"