एंड टीवी पर 'संतोषी माँ' 21 जनवरी से

                                     


                   एंड टीवी पर 'संतोषी माँ' 21 जनवरी से


एंड टीवी 21 जनवरी से अपने नए सीरियल ‘संतोषी माँ –सुनाएँ व्रत कथाएँ’ का प्रसारण शुरू करने जा रहा है। जिसे सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे देखा जा सकेगा। कुछ बरस पहले भी एंड टीवी ने ‘संतोषी माँ’ का प्रसारण किया था। लेकिन उसका यह दूसरा सीजन व्रत कथाओं पर केन्द्रित होगा। हालांकि पहले की तरह संतोषी माँ का किरदार इस बार भी ग्रेसी सिंह निभा रही हैं। ‘अमानत’ जैसे सफल सीरियल और ‘लगान’ तथा ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ जैसी फिल्मों में आमिर और संजय दत्त के साथ लीड हीरोइन बनकर आ चुकी ग्रेसी फिर से संतोषी बनकर खुश है। हाल ही में ग्रेसी से मुलाक़ात हुई तो उन्होंने बताया- लोग व्रत तो रखते हैं लेकिन उन्हें व्रत की कथाओं और महत्व के बारे में ज्यादा पता नहीं होता। लेकिन इस सीरियल के माध्यम से दर्शक और भक्त यह सब अच्छे से जान सकेंगे। क्या ग्रेसी खुद भी कभी व्रत रखती हैं ? हमारे यह पूछने पर ग्रेसी कुछ मुस्कुराते हुए कहती हैं- अभी तो व्रत नहीं रखे लेकिन इस तरह के अनुभवों से अंजान नहीं हूँ। ईश्वर में मेरी आस्था है। यहाँ तक मैं हमेशा सात्विक भोजन ही करती हूँ उससे मेरा मन और मस्तिक दोनों को ऊर्जा और शांति मिलती है। ’संतोषी माँ’ में तन्वी डोगरा, और आशीष कादियान भी अन्य प्रमुख भूमिकाओं में हैं।