मशहूर मंदिरों के दर्शन कराएगा ‘परिक्रमा’


अपने अलग रंग और अंदाज़ का चैनल एपिक अब दर्शकों को देश के मशहूर मंदिरों के दर्शन कराएगा। इससे दर्शक उन कई बड़े मंदिरों के दर्शन के साथ  उनके बारे में काफी कुछ जान सकेंगे, जिनकी काफी मान्यता है। इसके लिए एपिक ने शनिवार और रविवार का सुबह 10 से 11 बजे का समय ‘परिक्रमा’ नाम के कार्यक्रम को दे दिया है। जिसका पुनर्प्रसारण हर शनिवार रविवार रात 8 बजे होगा। बड़ी बात यह है कि यह कोई छोटी सीरीज नहीं है, इसके 92 एपिसोड होंगे। अमर चंद प्रॉडक्शन द्वारा निर्मित इस सीरीज में जम्मू कश्मीर, हिमाचल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडीसा के अधिकतर बड़े और मशहूर मंदिर शामिल होंगे। जिनमें उज्जैन का महाकालेश्वर, वाराणसी का सारनाथ और संकट मोचन, मनाली का हिडिंबा देवी, कांगड़ा का चामुंडा देवी और शिमला का तारा देवी मंदिर तो शामिल है ही। साथ ही दर्शक इस ‘परिक्रमा’ में पुरी की सुप्रसिद्द जगन्नाथ रथ यात्रा, अमरनाथ यात्रा और शिव शिव रात्री जैसे उत्सवों का भी आनंद ले सकेंगे। एपिक चैनल की एक उच्च अधिकारी मानसी दरबार कहती हैं- “परिक्रमा के माध्यम से मंदिरों के दर्शन के साथ मंदिर के इतिहास और उससे जुड़ी लोक कथाओं को भी दिखाया जाएगा। ‘’