एकता की ‘नागिन’ देर से आएगी

                                         


                      एकता की 'नागिन' देर से आएगी


एकता कपूर ने यूं तो एक से एक यादगार सीरियल दिये हैं। जिनमें कई अपनी खूबसूरती के लिए जाने जाते हैं तो कुछ अपनी बोरियत के लिए भी। हाल के बरसों में एकता के जिस सीरियल ने सबसे ज्यादा लोकप्रियता पाई है वह है-'नागिन'। 'नागिन' की शुरुआत एकता ने 2015 में मिनी सीरीज के रूप में की थी लेकिन एकता की यह नागिन दर्शकों में इतनी लोकप्रिय हुई कि इसे एक्सटेंशन देकर 62 एपिसोड का कर दिया गया। एक अंतराल के बाद 'नागिन' का दूसरा सीजन आया और उसके 75 एपिसोड प्रसारित हुए। फिर तीसरा सीजन आया तो उसके 103 एपिसोड किए गए। दरअसल 'नागिन' इतना लोकप्रिय रहा कि इससे कलर्स चैनल नंबर वन चैनल बन गया। साथ ही 'बालिका वधू' के बाद 'नागिन' कलर्स चैनल का दूसरा ब्रांड सीरियल भी हो  गया। इन दिनों जब कलर्स चैनल अन्य मनोरंजन चैनल के मुक़ाबले पिछड़ गया है तो 'नागिन' कलर्स की डूबती नैया को फिर पार लगा सकता है। इसलिए कलर्स 'नागिन' के सीजन 4 को जल्द शुरू करना चाहता था। लेकिन एकता ने इसे अब आगे खिसका दिया है। बताया जा रहा है कि एकता 'नागिन' को और चुस्त दुरुस्त और बेहतर करने के लिए और समय चाहती है। क्योंकि 'नागिन' को लेकर सबकी आशाएँ बहुत बढ़ गयी हैं। इसलिए अब उम्मीद है कि 'नागिन' दिसंबर अंत या जनवरी शुरू में ही ऑन एयर हो पाएगा।